जौनपुर। भारत सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक चल रहे समेकित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत जनपद के प्रेक्षागृह में आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का द्वितीय दिवस शुक्रवार को संपन्न हुआ।
जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में सूचना विभाग द्वारा स्थापित ‘सेल्फी विद पीएम’ सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सेल्फी लेकर कार्यक्रम में सहभागिता की।
प्रदर्शनी में पर्यटन, स्वास्थ्य, पशुपालन, मत्स्य सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अधिकारियों ने अवलोकन किया। विभागीय अधिकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया। योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सूचना सामग्री, पुस्तिकाएं एवं पम्पलेट वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक विभाग की पंजीकृत कलाकार काजल एवं उनकी टीम ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

