हापुड़। मेरठ मंडल के कमिश्नर भानुचंद्र गोस्वामी ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बृजघाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक न मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने मौके पर तैयारियों की कमी देखकर जिलाधिकारी कविता मीणा और अधिशासी अधिकारी पवित्रा त्रिपाठी से नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “क्या दिखाने लाए हैं हमें यहां, हम क्या घूमने के लिए आए हैं। यहां व्यवस्थाएं बेहद अव्यवस्थित हैं।”
कमिश्नर की सख्त नाराजगी के बाद मौके पर मौजूद अधिकारी असहज नजर आए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


