मड़ियाहूं, जौनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के उच्चनीखुर्द गांव में आम तोड़ने को लेकर हुए विवाद में एक दलित युवक के साथ मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के धन्नीपुर बिरुआ गांव निवासी संतोष कुमार गौतम ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि वह उच्चनीखुर्द गांव निवासी कन्हैया लाल यादव के यहां रहकर खेती-बाड़ी का कार्य करता है। गुरुवार को गांव के ही दीनानाथ उर्फ सबलू यादव आम तोड़ रहे थे। संतोष द्वारा इसका विरोध करने पर आरोपी कथित रूप से आक्रोशित हो गए और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने लाठी-डंडों से हमला कर संतोष को घायल कर दिया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर दलित उत्पीड़न एवं मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

