जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में बाजार से लौट रही एक युवती के साथ छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता शाम करीब 6:30 बजे बाजार से घर लौट रही थी, तभी गणगौर बाबा मंदिर के पास पहले से मौजूद युवक सचिन यादव पुत्र महाबल यादव ने उसका दुपट्टा खींच लिया। जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर जबरदस्ती करने की कोशिश की और मारपीट भी की।
पीड़िता के अनुसार जब उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
आरोप है कि उक्त युवक पहले भी उसकी बड़ी बहन के साथ इसी तरह की हरकत कर चुका है और शिकायत करने पर हाथ-पैर तोड़ने की धमकी देता रहा है।
पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।


