• Tue. Jun 2nd, 2026

    पुरानी रंजिश में घर में घुसकर मारपीट, चार नामजद समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज

    Share

    जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के पट्टीनरेन्द्रपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने घर के बाहर बैठे दो भाइयों के साथ गाली-गलौज करने के बाद लाठी-डंडे और लोहे की सरिया से हमला कर दिया। घटना में दोनों भाई घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपितों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पट्टीनरेन्द्रपुर गांव निवासी त्रयंबकेश्वर तिवारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने छोटे भाई मृत्युंजय तिवारी के साथ घर के सामने बैठे हुए थे। इसी दौरान गांव के सुमित तिवारी, आयुष तिवारी, देवेंद्र तिवारी तथा उनके कुछ अन्य साथी वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगे।

    पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपित आक्रोशित हो गए और लाठी-डंडों तथा लोहे की सरिया से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से दोनों भाई संभल नहीं सके और खुद को बचाने का प्रयास करने लगे।

    मारपीट से बचने के लिए मृत्युंजय तिवारी घर के अंदर भाग गए, लेकिन आरोप है कि हमलावर उनका पीछा करते हुए घर में भी घुस गए। वहां भी दोनों भाइयों के साथ मारपीट की गई। इस दौरान त्रयंबकेश्वर तिवारी के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि मृत्युंजय तिवारी की पीठ और हाथ की उंगली में चोटें लगीं।

    शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह विवाद को शांत कराया। ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद आरोपित मौके से चले गए। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

    घटना के बाद घायल पक्ष ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्रयंबकेश्वर तिवारी की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपितों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

    थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *