जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी गो आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए सभी गौशालाओं में गोवंशों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक गौशाला में पर्याप्त मात्रा में चारा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध रहे तथा गोवंशों को नियमित रूप से संतुलित आहार दिया जाए। उन्होंने कहा कि पशुओं को गर्मी से बचाने के लिए आवश्यक सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में जिलाधिकारी ने दान एवं क्रय के माध्यम से संग्रहित भूसे के समुचित उपयोग और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी गौशालाओं में अभिलेख निर्धारित प्रारूप में पूर्ण एवं अद्यतन होने चाहिए। साथ ही पशु चिकित्सा अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को नियमित रूप से गौशालाओं का निरीक्षण करने तथा सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि गौ आश्रय स्थल पोर्टल पर सभी सूचनाएं निर्धारित समय पर अपडेट की जाएं। गोवंशों के लिए पर्याप्त हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी चारागाहों की भूमि पर नेपियर घास एवं अन्य मौसमी हरे चारे की बुवाई कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी गौशाला में अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानंद झा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ओ.पी. श्रीवास्तव, सभी उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा विभिन्न एनजीओ और एफपीओ से जुड़े गौशाला संचालक उपस्थित रहे।

