जौनपुर। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के मुरादपुर में रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। विद्युत पावर हाउस के पास फोरलेन मार्ग पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
जानकारी के अनुसार पट्टी दयाल गांव निवासी चंचल उर्फ अट्टू और विनोद उर्फ नारद रोज की तरह मजदूरी करने के लिए बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान मुरादपुर स्थित विद्युत पावर हाउस के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और स्कॉर्पियो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में चंचल उर्फ अट्टू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विनोद उर्फ नारद को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। ग्रामीणों ने मृतक के शव को फोरलेन सड़क पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
ग्रामीण आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की मांग पर अड़े रहे। मौके पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक जाम की स्थिति बनी हुई थी और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।













