• Fri. Jun 12th, 2026

    मुफ्तीगंज ब्लॉक मुख्यालय पर विकास कार्यों के लिए 3.75 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित

    Share

    जौनपुर। जिले के मुफ्तीगंज विकास खंड कार्यालय के सभागार में ब्लॉक प्रमुख उषा देवी की अध्यक्षता में एक खुली बैठक का आयोजन किया गया. बैठक की शुरुआत में सबसे पहले पुरानी कार्यवाही की ध्वनि मत से पुष्टि की गई. इसके बाद सरकार की विभिन्न कल्याणकारी और विकासपरक योजनाओं पर बिंदुवार विस्तृत चर्चा की गई, जिनमें मुख्य रूप से मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वास्थ्य एवं बाध्याकरण योजना, बाल विकास पुष्टाहार योजना, पेयजल योजना, पशुपालन एवं टीकाकरण योजना, समाज कल्याण योजना, महात्मा गांधी (मनरेगा) योजना, स्वच्छ भारत मिशन योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना सहित पंचम राज्य वित्त एवं शिक्षा विभाग से जुड़े मुद्दे शामिल रहे.
    बैठक में बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए पूर्व प्रमुख विनय कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की ओर से जो भी योजनाएं आती हैं और जो बजट मिलता है, उससे शासन की मंशा के अनुसार ही धरातल पर विकास कार्य करवाए जाते हैं. उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विकास कार्यों को रफ्तार देने के लिए इस बैठक में 3.75 करोड़ रुपए के अनुमानित बजट का प्रस्ताव दिया गया है.
    इस महत्वपूर्ण अवसर पर खंड विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद, एडीसीओ केराकत प्रीति सिंह, सीएचसी मुफ्तीगंज के प्रभारी डॉ. एस. के. पटेल, शिक्षा विभाग से एबीएसए, बाल पुष्टाहार से सीडीपीओ और समाज कल्याण से आकाश यादव उपस्थित रहे. इनके अलावा मनरेगा विभाग से रचित कपूर, दिनेश चंद्र, अजय राजपूत, प्रवीण पाठक सहित सभी क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान भी बैठक में मौजूद रहे. कार्यक्रम का सफल संचालन चंद्रशेखर गुप्त द्वारा किया गया.

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed