• Fri. Jun 12th, 2026
    Share

    जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के कौली गांव में बुधवार शाम भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

    पुलिस के अनुसार, कौली गांव निवासी 48 वर्षीय अजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू का पड़ोसी दानबहादुर शर्मा और तेजबहादुर शर्मा से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार शाम करीब 7:30 बजे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडों से हमला किया गया।

    हमले में अजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर उनके परिवार के सदस्य अखिलेश सिंह, हिमांशु सिंह, शिवम सिंह और आकृति सिंह भी मौके पर पहुंचे, लेकिन विपक्षियों के हमले में वे भी घायल हो गए।

    घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को नौपेड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान अजय सिंह की मौत हो गई, जबकि अन्य चार घायलों का इलाज जारी है।

    घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। घटना के बाद गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed