बरसठी (जौनपुर)। भीषण गर्मी और उमस के बीच दियावा महादेव मंदिर परिसर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को बेल का शरबत पिलाकर राहत पहुंचाई गई। पुरुषोत्तम माह के सोमवार के अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई।
सेवा भाव के तहत समाजसेवी महंथ राज दुबे एवं जिलेदार शुक्ल के नेतृत्व में लगभग चार घंटे तक शरबत वितरण का कार्यक्रम चलाया गया। इस दौरान मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं और आम लोगों को ठंडा शरबत पिलाकर गर्मी से राहत देने का प्रयास किया गया, जिसकी लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा नेता इंद्रेश तिवारी ने कहा कि सेवा भाव ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि इस भीषण गर्मी में श्रद्धालुओं और राहगीरों को राहत पहुंचाने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है।
कार्यक्रम संयोजक जिलेदार शुक्ल ने बताया कि अधिकमास के दौरान मंदिर परिसर में श्रीरामचरितमानस का मास पारायण चल रहा है, जिसकी पूर्णाहुति अंतिम दिन भंडारे के साथ की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे माह श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समय-समय पर राहत एवं सेवा कार्य जारी रहेंगे।
इस अवसर पर अनिल शुक्ल, रुद्र शुक्ल, बऊ शुक्ल, मुन्नीलाल शुक्ल, जनार्दन शुक्ल, वीरेंद्र शुक्ल सहित कई ग्रामीणों का सहयोग रहा।


