जौनपुर, 17 जुलाई। केराकत थाना पुलिस ने ऑटो लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए लूटी गई ऑटो बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक केराकत के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, मिर्जापुर निवासी आकाश कुमार ने तहरीर देकर बताया था कि उनके पिता काशीनाथ वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर ऑटो लेकर सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान दो युवकों ने त्रिलोचन महादेव जाने के लिए ऑटो बुक किया। वहां पहुंचने के बाद दोनों आरोपियों ने सोहनी गांव के पास नहर मार्ग पर ऑटो रुकवाया और चालक के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी ऑटो लूटकर फरार हो गए। घटना में चालक के पैर में फ्रैक्चर सहित गंभीर चोटें आई थीं।
मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस ने शुक्रवार तड़के खड़हर डगरा फाटक के पास से शिवम यादव निवासी भदेवरा, थाना गौराबादशाहपुर और लकी सिंह निवासी परमानंदपुर, थाना केराकत को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से लूटी गई ऑटो रिक्शा (संख्या यूपी 65 केटी 6404) भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कृष्णानंद यादव, उपनिरीक्षक शिवानंद वर्मा सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।


