• Thu. Jul 9th, 2026

    भरत भूषण तिवारी के परिवार के बीच पहुंचे अशोक सिंह, न्याय की लड़ाई में हर कदम साथ रहने का किया ऐलान

    Share

    बिहार। समाज विकास क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह भोजपुर जिले के बिलेटी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने कथित पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें हर संभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

    भरत भूषण तिवारी के पिता से लंबी बातचीत के दौरान अशोक सिंह ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और परिवार का दर्द साझा किया। परिजनों से मिलने के बाद वह सीधे उस स्थान पर पहुंचे, जहां पुलिस द्वारा भरत को गोली मारे जाने की बात कही जा रही है। वहां उन्होंने जमनिया गांव के लोगों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याओं तथा भरत द्वारा उठाए गए मुद्दों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

    मीडिया से बातचीत में अशोक सिंह ने कहा कि भरत भूषण तिवारी कोई अपराधी नहीं था, बल्कि वह गरीबों और वंचितों के हक तथा इंसाफ की लड़ाई लड़ रहा था। उन्होंने कहा कि हथियार उठाना गलत है, लेकिन यदि कोई व्यक्ति ऐसी परिस्थिति में पहुंच जाता है, तो उसके पीछे व्यवस्था की विफलता भी जिम्मेदार होती है। उनका आरोप था कि जब भरत ने हथियार डाल दिए थे, तब भी उसे घेरकर गोली मार दी गई, जो निष्पक्ष जांच का विषय है। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कड़ी सजा की मांग की।

    अशोक सिंह ने कहा कि बिहार में ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भरत भूषण तिवारी के परिवार को न्याय दिलाने की लड़ाई में वह पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़े रहेंगे। यदि आवश्यकता पड़ी तो न्याय की मांग को लेकर परिवार के साथ सड़क से लेकर हर मंच तक संघर्ष करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

    अशोक सिंह की इस मुलाकात से शोकाकुल परिवार को भावनात्मक संबल मिला। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय की इस लड़ाई में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और अंत तक उनके साथ खड़े रहेंगे।

    Trimurti hospital

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed