• Thu. Jul 9th, 2026

    छत की पटिया टूटने से राजगीर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

    Share

    जफराबाद, जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव में बुधवार को निर्माणाधीन मकान पर काम के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। छत की पटिया टूटकर गिरने से उस पर काम कर रहे 55 वर्षीय राजगीर मिस्त्री की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

    जानकारी के अनुसार, जमालपुर निवासी मदन चौहान पुत्र रामधनी चौहान राजगीर मिस्त्री का कार्य करते थे। वह गांव के ही बुद्धू गुप्ता के निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर छत की पटिया रखने का काम कर रहे थे। इसी दौरान एक पटिया अचानक टूट गई, जिस पर खड़े मदन चौहान संतुलन खोकर पटिया सहित नीचे गिर पड़े।

    हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सक के पास पहुंचाया, जहां जांच के बाद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मदन चौहान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और चार पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    घटना की सूचना मिलने पर जलालपुर थाना प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों ने घटना को प्रत्यक्ष रूप से अपने सामने घटित होना बताते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके चलते पुलिस ने नियमानुसार आगे की कार्रवाई की।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *