जौनपुर। बदलापुर थाना क्षेत्र के रारीकला गांव की एक महिला ने अपने पैतृक कुएं को जानबूझकर प्रदूषित करने, घर में घुसकर मारपीट करने तथा मोबाइल और आभूषण छीनने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता नेहा चौहान के अनुसार, उनके घर के सामने स्थित कुआं उनके पूर्वजों द्वारा बनवाया गया था, जिसका उपयोग परिवार वर्षों से पेयजल एवं घरेलू कार्यों के लिए करता आ रहा है। आरोप है कि गांव के कुछ लोग लगातार कुएं में गोबर, मिट्टी और अन्य गंदगी डालकर पानी को प्रदूषित कर रहे हैं।
नेहा चौहान ने राजेश चौहान, सुरेश चौहान, पिंटू चौहान, नीलम देवी, पंपा देवी, नंदिनी चौहान, कोमल सहित अन्य लोगों पर इस कृत्य का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज और विवाद करते हैं। इस संबंध में पूर्व में बदलापुर थाने में शिकायत भी की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपितों का शांति भंग की आशंका में चालान किया था।
पीड़िता का आरोप है कि शिकायत के बावजूद आरोपितों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी उनके घर में घुस आए और उनके साथ मारपीट तथा अभद्रता की। इस दौरान उनका मोबाइल फोन और पहने हुए आभूषण भी छीन लिए गए।
नेहा चौहान ने बताया कि जब उनके परिजनों ने घटना की शिकायत करने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उन्हें भी गाली-गलौज कर वहां से भगा दिया। मामले को गंभीर बताते हुए पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को ऑनलाइन प्रार्थना पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

