जौनपुर। जफराबाद पुलिस ने हत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज छह घंटे के भीतर नामजद आरोपी साहबलाल निषाद (42) निवासी धनेजा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, महिला की तहरीर पर थाना जफराबाद में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान जानकारी मिली कि घटना वाली रात आरोपी को मृतका के साथ देखा गया था। गांव के लोगों ने भी आरोपी के बारे में बताया कि वह नशे का आदी और मानसिक रूप से विकृत प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसके कारण उसकी पत्नी बच्चों के साथ गुजरात में रहती है।
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत जफराबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ पहले से भी मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का मुकदमा दर्ज है।

