• Mon. Aug 10th, 2026

    सावन के दूसरे सोमवार को शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

    Share

    जौनपुर। सावन के दूसरे सोमवार को जिले के प्रमुख शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। त्रिलोचन महादेव धाम, गौरीशंकर धाम सुजानगंज, सारनाथ महादेव, गोमतेश्वर महादेव और पांच शिवालयों में भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंजता रहा।
    पौराणिक त्रिलोचन महादेव धाम में देर रात से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भोर चार बजे मंदिर के पट खुलने के बाद भक्त कतारबद्ध होकर बाबा त्रिलोचन महादेव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए आगे बढ़ने लगे। मंदिर के पुजारी रविशंकर गिरी ने बताया कि सुबह से करीब 30 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। उन्होंने बताया कि त्रिलोचन महादेव मंदिर स्वयंभू है, जिसके चलते सावन में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
    श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ मंदिर के बाहर करीब 400 मीटर लंबी कतार लग गई। इसमें महिला, पुरुष और बुजुर्ग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। भक्तों ने भगवान शिव को बेलपत्र, धतूरा, दूध, फूल और माला अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर के साथ मेला क्षेत्र में भी दिनभर काफी चहल-पहल रही। आसपास लगी दुकानों पर महिलाओं और बच्चों ने खरीदारी की। श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। जगह-जगह हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष सुनाई देते रहे।
    भारी भीड़ के बावजूद मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बेहतर नजर आई। पंचायती राज विभाग के सफाई कर्मी लगातार क्षेत्र में सफाई करने में जुटे रहे। इससे श्रद्धालुओं को गंदगी और कूड़े की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर के गर्भगृह से लेकर परिसर, मेला क्षेत्र और दोनों प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। महिला पुलिस, सिविल पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी भी किसी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रहे।

    Udghatan TR

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *