जौनपुर, 23 अगस्त। बदलापुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बोलेरो की चपेट में आने से बुलेट सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
सुल्तानपुर जिले के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी रमेश गौतम (38) अपनी पत्नी रीता देवी (35) के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से खेतासराय थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव स्थित रिश्तेदारी में एक व्यक्ति की मौत की सूचना पर जा रहे थे। इसी दौरान बदलापुर थाना क्षेत्र के कालिंजर मोड़ के पास उनकी बाइक सामने से आ रही बोलेरो की चपेट में आ गई।
हादसे में रीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रमेश गौतम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान करीब 11 बजे उनकी भी मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने बोलेरो को पकड़ लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। मृतक दंपती के दो बेटे रवि (18) और रितेश (16) हैं। माता-पिता की मौत से दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

