जौनपुर। हरियाली तीज के अवसर पर अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट परिवार की ओर से शहर स्थित एक लॉन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव-पार्वती और भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। पूजा मुख्य अतिथि डॉ. शकुंतला यादव, डॉ. स्वाति यादव, डॉ. शैली निगम, रीता जायसवाल, बबीता सिंह, पायल किन्नर और राधिका सिंह ने संयुक्त रूप से की।
भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखते हुए बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाएं हरे रंग के परिधान में कार्यक्रम में शामिल हुईं। महिलाओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा कर अपने पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान महिलाओं ने भगवान शिव के भक्ति गीतों के साथ कजरी गीत भी प्रस्तुत किए, जिससे कार्यक्रम का माहौल भक्तिमय और खुशनुमा हो गया।
अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से महिलाओं को पान खिलाकर पुरानी परंपरा का निर्वहन किया गया। साथ ही सभी सुहागिन महिलाओं को आशीर्वाद स्वरूप सिंदूर, बिंदी, मेहंदी, चूड़ियां और अन्य श्रृंगार सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने एक-दूसरे को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में किन्नर समिति की ओर से प्रस्तुत किए गए नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। नृत्य की प्रस्तुति के दौरान महिलाएं भी जमकर झूमीं और पूरे उत्साह के साथ नृत्य कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। आयोजन में सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का सुंदर संदेश भी देखने को मिला।
कार्यक्रम में डॉ. शुभा सिंह, डॉ. श्वेता सिंह, डॉ. माया सिंह, डॉ. अलकेश्वरी सिंह, डॉ. ममता दुबे, वंदना सरकार, डॉ. अंजना श्रीवास्तव, मीरा अग्रहरि, नीलम मिश्रा, सरोज गुप्ता, क्षमा सिंह, पूनम सिंह, रेखा सिंह, राखी सिंह, किरण सिंह, अंजू सिंह, गीता दुबे, नेहा सिंह, रिचा सिंह, अर्चना सिंह, प्रीति गुप्ता, रजनी साहू, सरिता सिंह, रेखा मिश्रा, रेनू गुप्ता, स्वप्निल श्रीवास्तव, शालिनी सिंह, भारती श्रीवास्तव और चंदा जायसवाल सहित शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़ी महिलाएं मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षक, चिकित्सक और व्यापारी वर्ग की महिलाओं के साथ किन्नर समाज के लोगों ने भी सहभागिता की। अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट परिवार की ओर से सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।


