
वाराणसी जोन में 100 दिनों में 3881 मोबाइल बरामद, जौनपुर पहले स्थान पर

8.14 करोड़ रुपये के मोबाइल फोन बरामद कर वास्तविक मालिकों को सौंपे गए
जौनपुर। वाराणसी जोन पुलिस ने अभियान चलाकर 100 दिनों में 3881 गुमशुदा और खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 8 करोड़ 14 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है। बरामदगी के मामले में जौनपुर जनपद पूरे वाराणसी जोन में पहले स्थान पर रहा। यहां पुलिस ने सर्वाधिक 949 मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 57 लाख रुपये है। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा के निर्देशन में यह अभियान 1 अगस्त से 7 नवंबर 2026 तक चलाया गया। इस दौरान वाराणसी जोन के सभी नौ जनपदों में भारत सरकार के संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग की ओर से विकसित सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई। संबंधित थानों और सर्विलांस टीमों की मदद से लगातार प्रयास कर गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए।
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, जौनपुर में 949 मोबाइल फोन बरामद कर पहला स्थान हासिल किया गया। इसके अलावा आजमगढ़ में 783, सोनभद्र में 436, गाजीपुर में 379, मऊ में 365, चंदौली में 285, बलिया में 244, मीरजापुर में 224 और भदोही में 216 मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, सितंबर महीने के मोबाइल रिकवरी स्कोर के आधार पर वाराणसी जोन प्रदेश के सभी जोन में पहले स्थान पर रहा। पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों को बड़ी राहत मिली है, जिनके मोबाइल फोन गुम या चोरी हो गए थे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल सीईआईआर पोर्टल (www.sancharsaathi.gov.in) पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा नजदीकी जनसेवा केंद्र, संबंधित थाने या पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी प्रार्थना पत्र देकर सहायता ली जा सकती है। पुलिस ने लोगों को अपने मोबाइल का आईएमईआई नंबर सुरक्षित रखने की सलाह भी दी है, ताकि मोबाइल की तलाश और बरामदगी में आसानी हो सके।








