
पुलिस लाइन में एक नवंबर को लगेगा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर

दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल व सहायक उपकरण, किसानों को उन्नत बीज और श्रमिकों को मिलेगा पंजीकरण का लाभ
जौनपुर। आम जनता को विधिक रूप से सशक्त बनाने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक नवंबर को पुलिस लाइन जौनपुर में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुशील कुमार सिंह ने बताया कि यह आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर किया जा रहा है। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि के निर्देशन तथा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष एवं वरिष्ठ न्यायमूर्ति के अनुमोदन के बाद शिविर की तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के समन्वय से जनपद के अधिक से अधिक निवासियों एवं पात्र लाभार्थियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसमें दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। कृषि विभाग की ओर से किसानों को उन्नत बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा फलदार एवं फूलदार पौधों का वितरण भी किया जाएगा।
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी देने के साथ रोजगार से संबंधित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का पंजीकरण भी किया जाएगा, जिससे वे शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
एसएसपी ने जनसुनवाई में सुनी फरियादियों की समस्याएं, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देशजिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि वे एक नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में पुलिस लाइन पहुंचकर शिविर में भाग लें और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।







