
करंट की चपेट में आने से पश्चिम बंगाल के मजदूर की मौत

जौनपुर। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के श्रीकृष्णानगर रेलवे स्टेशन के पास भलुवाही में शनिवार को करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब मजदूर बिजली के खंभे के पास काम कर रहा था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, करंट की चपेट में आने से मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। उसके साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के भगवान बोला गांव निवासी शाहीन शेख (पुत्र अनवर) के रूप में हुई है। वह क्षेत्र में मजदूरी का काम कर रहा था।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बदलापुर थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय ने शनिवार दोपहर करीब तीन बजे बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मजदूर किन परिस्थितियों में करंट की चपेट में आया और हादसा कैसे हुआ।








