
मनेछा गांव में प्रेम विवाह करने वाले दंपती के शव फंदे से लटके मिले, जांच में जुटी पुलिस

मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
जौनपुर। मनेछा गांव में बुधवार शाम एक युवा दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। करीब एक वर्ष पहले प्रेम विवाह करने वाले उपदेश गौतम (22) और उनकी पत्नी पूजा (21) के शव घर में छत पर करकट लगाने के लिए लगाए गए लोहे के पाइप से दुपट्टे के सहारे लटके मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मनेछा गांव निवासी उपदेश गौतम पुत्र चिंता प्रसाद ने करीब एक वर्ष पहले बद्दोपुर गांव निवासी पूजा से प्रेम विवाह किया था। बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे दोनों के शव घर में मिले। घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
वहीं, विवाहिता के मायके पक्ष ने हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाते हुए डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। इस आरोप के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल दंपती की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।








