
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर जौनपुर शहर में यातायात प्रतिबंध, 12 स्थानों से ऑटो-टोटो और चार पहिया वाहनों का डायवर्जन

जौनपुर। दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर में भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने वाहनों के आवागमन को लेकर व्यवस्था जारी की है। 19 अक्टूबर की रात 12 बजे तक सभी नो एंट्री प्वाइंटों पर प्रतिबंध लागू रहेगा। वहीं, 20 अक्टूबर सुबह आठ बजे से 21 अक्टूबर रात 11 बजे तक भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। गैस, डीजल, पेट्रोल और चिकित्सा संबंधी आवश्यक वाहनों को छूट दी गई है।
यातायात पुलिस के अनुसार, पचहटिया तिराहा, प्रसाद तिराहा, पकड़ी हाईवे अंडरपास, अलीगंज हाईवे तिराहा, जगदीशपुर चौराहा, चांदपुर हाईवे अंडरपास और कुत्तुपुर तिराहे से भारी वाहनों का शहर में प्रवेश रोका जाएगा।
इसके अलावा 20 अक्टूबर दोपहर दो बजे से 21 अक्टूबर रात 11 बजे तक ऑटो, टोटो और चार पहिया वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा। इसके लिए कुत्तुपुर तिराहा, विशेषरपुर चौराहा, सिपाह तिराहा, जोगियापुर, जेसिस चौराहा, वाजिदपुर तिराहा, पॉलीटेक्निक चौराहा, बदलापुर पड़ाव, मछलीशहर पड़ाव, शाहगंज पड़ाव, अटाला मस्जिद तिराहा और सुतरहट्टी तिराहे पर व्यवस्था लागू रहेगी।
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित प्रतिबंधों का पालन करें और असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।







