
शराबी बाइक सवार ने महिला को मारी टक्कर, हाथ टूटा

जौनपुर। सिरकोनी ब्लॉक के त्रिमुहानी राजेपुर बाजार में शराब के नशे में बाइक चला रहे एक युवक ने महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला का हाथ टूट गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी आरोपी बाइक सवार को अपने साथ ले गए।
राजेपुर निवासी शबनम (30) पत्नी नियामक अली हादसे में घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी स्थान पर कुछ दिन पहले भी सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी शराब की दुकान के आसपास शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। दुकान के पास लोगों की भीड़ के कारण क्षेत्रवासियों में भय का माहौल बना रहता है। स्थानीय लोगों ने इस समस्या पर ध्यान देकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।








