
नोट दोगुना करने का झांसा देने वाला आरोपी विस्फोटक पदार्थ के साथ गिरफ्तार, 22 नोटनुमा कागज बरामद

जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बरसठी पुलिस ने नोट दोगुना करने का झांसा देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। आरोपी की पहचान सचिन उपाध्याय (33) पुत्र गुलाब शंकर उपाध्याय, निवासी अर्वना, थाना सुरियावां, भदोही के रूप में हुई। तलाशी में 22 नोट के आकार के कागज पर लेप लगा तीव्र विस्फोटक पदार्थ, करीब 22 इंच लंबा और एक इंच चौड़ा RBI लोगो वाला कागज, 500 रुपये के नोट जैसा कागज, कार, रेडमी एंड्रॉयड मोबाइल और 2,230 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने BNS की संबंधित धाराओं और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक उसका आपराधिक इतिहास भी है।








