
कदमतर में टेम्पो से टकराई बाइक, मासूम समेत दो गंभीर घायल

जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के कदमतर गांव में सोमवार रात जमालपुर-बाबतपुर मार्ग पर सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और चार वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब बाइक सामने से आ रहे टेम्पो से टकरा गई। घायलों में कसेरू गांव निवासी आशीष गौतम और उनके साथ बाइक पर बैठे चार वर्षीय अनमोल गौतम शामिल हैं।
बताया गया कि टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों सड़क किनारे जा गिरे। अनमोल के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। वहीं बाइक चला रहे आशीष का दाहिना पैर फ्रैक्चर हो गया और काफी खून बहने लगा। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने घायल मासूम को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया।
हादसे की जानकारी स्थानीय लोगों ने आशीष के परिजनों को दी। करीब एक घंटे बाद परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल आशीष को वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, आशीष धर्मपुर गांव स्थित अपनी ससुराल में खाना खाने के बाद बाइक से अपने घर कसेरू लौट रहे थे। कदमतर गांव के पास पहुंचने पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे टेम्पो से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।








