• Mon. Sep 14th, 2026

    काउंसलिंग से सुलझा पति-पत्नी का विवाद, मिशन शक्ति टीम की पहल पर दोनों में हुआ समझौता

    काउंसलिंग से सुलझा पति-पत्नी का विवाद, मिशन शक्ति टीम की पहल पर दोनों में हुआ समझौता
    Share

    पवारा (जौनपुर)। थाना पवारा की मिशन शक्ति टीम ने सोमवार को काउंसलिंग के जरिए पति-पत्नी के बीच चल रहे वैवाहिक विवाद को सुलझा दिया। दोनों पक्षों की बात सुनने और समझाने-बुझाने के बाद पति-पत्नी ने आपसी मतभेद समाप्त करते हुए स्वेच्छा से समझौता कर लिया।

    पुलिस के अनुसार रामपुर सवाई गांव निवासी निशा पत्नी रंजीत कुमार और रंजीत कुमार के बीच वैवाहिक विवाद चल रहा था। मामले की जानकारी मिलने पर मिशन शक्ति टीम ने दोनों पक्षों को मिशन शक्ति केंद्र पर बुलाया। टीम ने दोनों की समस्याओं और शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना तथा काउंसलिंग के माध्यम से आपसी विवाद समाप्त करने का प्रयास किया।

    काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से सुलह-समझौता कर लिया। इसके बाद पति-पत्नी ने साथ रहने पर सहमति जताई। मिशन शक्ति टीम ने दोनों को भविष्य में आपसी समझ और सहयोग के साथ दांपत्य जीवन आगे बढ़ाने की सलाह दी।

    यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण व क्षेत्राधिकारी मछलीशहर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक पवारा के नेतृत्व में की गई। मिशन शक्ति टीम में उपनिरीक्षक जय प्रकाश प्रसाद, महिला कांस्टेबल डॉली वर्मा और महिला कांस्टेबल सोनाली देवी शामिल रहीं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *