• Mon. Sep 14th, 2026

    तीन दिन में जौनपुर की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, डीएम ने दिए सख्त निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

    तीन दिन में जौनपुर की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, डीएम ने दिए सख्त निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
    Share

    जौनपुर। बारिश के बाद जिले की सड़कों पर बने गड्ढों को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तीन दिन के भीतर चिन्हित सभी गड्ढों को भरकर सड़कों को आवागमन योग्य बनाने के सख्त निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही या शिथिलता मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    जिलाधिकारी ने कहा कि बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। आवश्यकता पड़ने पर सड़क मरम्मत और गड्ढामुक्तिकरण का कार्य रात में भी कराया जाए। उन्होंने मारुति सुजुकी शोरूम के सामने क्षतिग्रस्त सड़क को तत्काल ठीक कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारी को दिए।

    बैठक में डीएम ने सभी अधिशासी अधिकारियों से उनके क्षेत्रों की सड़कों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने गड्ढायुक्त एवं क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल मोटरेबल बनाने को कहा। साथ ही नगर क्षेत्रों में रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, जिससे रात में आवागमन करने वालों को परेशानी न हो।

    जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और सड़क मरम्मत की गुणवत्ता व प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले की यातायात व्यवस्था और प्रमुख मार्गों की स्थिति की भी समीक्षा की तथा यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

    बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व अजय अम्बष्ठ, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, नगर पालिका व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, एनएचएआई के अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *