मुंगराबादशाहपुर। थाना क्षेत्र के गरियांव गांव की कथरीपुर पाल बस्ती में शनिवार को घर में घुसकर मंगलसूत्र छीनने का प्रयास कर रहे दो बदमाशों का महिला ने अकेले सामना किया। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला की पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। इसके बाद बदमाश मंगलसूत्र लेकर बाइक से फरार हो गए।
कथरीपुर निवासी रामशिरोमणि पाल शाम को बकरी चराने गए थे, जबकि उनकी पत्नी सुनीता खेत में काम करने गई थीं। घर में उनकी बहू सरिता अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार दो युवक घर में घुस आए और सरिता के गले से मंगलसूत्र छीनने लगे।
सरिता ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का विरोध किया और उनसे भिड़ गई। इस पर दोनों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बदमाश मंगलसूत्र लेकर फरार हो चुके थे। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। थानाध्यक्ष गजानंद चौबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद बस्ती में दहशत का माहौल है।

