• Fri. Sep 4th, 2026

    जौनपुर रेलवे स्टेशन पर छूटा साढ़े तीन साल का मासूम, जीआरपी ने तत्परता दिखाकर परिजनों से मिलाया

    Share

    जौनपुर। अयोध्या धाम से जौनपुर की यात्रा के दौरान परिजनों से बिछड़े साढ़े तीन साल के मासूम को जीआरपी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर लिया। बच्चे के मिलने के बाद आवश्यक सत्यापन कर उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। मासूम के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और जीआरपी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार जताया।

    जीआरपी के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि शिवांश मोदनवाल पुत्र सुनील मोदनवाल, उम्र करीब साढ़े तीन वर्ष, निवासी सकरमंडी पुलिस चौकी के सामने, थाना कोतवाली जौनपुर, अपने माता-पिता के साथ अयोध्या धाम से जौनपुर की यात्रा कर रहा था। जौनपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरते समय परिजन बच्चे को ट्रेन में ही समझकर घर चले गए, जबकि मासूम रेलवे स्टेशन पर ही छूट गया था।

    बच्चे के स्टेशन पर छूटने की सूचना मिलते ही जीआरपी जौनपुर पुलिस सक्रिय हो गई। प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल तलाश शुरू की और कुछ ही समय में मासूम को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने बच्चे की पहचान और परिजनों का आवश्यक सत्यापन किया तथा उसे सुरक्षित उसके माता-पिता को सौंप दिया।

    मासूम के सकुशल मिलने की जानकारी मिलते ही परिजनों की चिंता दूर हुई और उन्होंने जीआरपी जौनपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस की तत्परता से बच्चा सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सका।

    बरामदगी टीम में थानाध्यक्ष सुनील कुमार गोंड के नेतृत्व में उपनिरीक्षक बृजेश यादव, हेड कांस्टेबल सुदीप सोनकर, कांस्टेबल रोहित चौहान और कांस्टेबल अशोक यादव-2 शामिल रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *