• Mon. Aug 31st, 2026

    उमानाथ सिंह मेडिकल कॉलेज में ब्लड सेंटर को मिली मंजूरी

    Share

    जौनपुर। सिद्दीकपुर स्थित उमानाथ सिंह मेडिकल कॉलेज में ब्लड सेंटर संचालित करने की केंद्रीय स्तर से स्वीकृति मिल गई है। मंजूरी मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज में रक्त संग्रह, प्रसंस्करण और सुरक्षित भंडारण की सुविधा विकसित की जाएगी। साथ ही मरीजों की जरूरत के अनुसार प्लेटलेट्स और प्लाज्मा जैसे रक्त अवयव भी उपलब्ध कराए जा सकेंगे। ब्लड सेंटर शुरू होने से दुर्घटना में घायल मरीजों, गंभीर रोगियों, प्रसव और ऑपरेशन के मामलों में तत्काल रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे मेडिकल कॉलेज में उपचार करा रहे मरीजों और उनके तीमारदारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
    अभी जिले में जिला अस्पताल के ब्लड सेंटर पर निर्भरता अधिक है। कई बार मांग के अनुरूप रक्त या आवश्यक अवयव उपलब्ध नहीं होने पर मरीजों के परिजनों को निजी केंद्रों या वाराणसी का रुख करना पड़ता है। केंद्रीय स्वास्थ्य सेवाओं के अधीन केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन के ब्लड सेंटर प्रभाग ने मेडिकल कॉलेज को संचालन की स्वीकृति दी है। नए ब्लड सेंटर से जिला अस्पताल पर दबाव कम होने के साथ जिले की आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं भी मजबूत होंगी।

    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *