• Fri. Aug 28th, 2026

    शिक्षक की बेरहम पिटाई से कक्षा चार का छात्र हुआ बेहोश

    Share

    जौनपुर। बरसठी विकास खंड के अभिनव प्राथमिक विद्यालय चमरहा में कक्षा चार के एक छात्र की शिक्षक द्वारा बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षक की पिटाई के कारण छात्र की पीठ की चमड़ी उधड़ गई और वह बेहोश हो गया। इस घटना को लेकर स्वजन व ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
    जानकारी के अनुसार कक्षा चार का छात्र शनिवार को मध्याह्न भोजन के समय अपने एक सहपाठी से किसी बात को लेकर उलझ गया था। दूसरे छात्र ने इसकी शिकायत विद्यालय के शिक्षक मोहम्मद आरिफ से की। आरोप है कि शिकायत सुनते ही शिक्षक अपना आपा खो बैठे और छात्र की पिटाई शुरू कर दी। इससे छात्र वहीं बेहोश हो गया। सूचना मिलने पर परिजन स्कूल पहुंचे और छात्र को घर ले आए।
    छात्र के पिता मुंबई में रहते हैं, जबकि उसके दादा-दादी एक रिश्तेदार के यहां गए थे। शाम करीब छह बजे जब दादा-दादी घर लौटे, तो बच्चे की हालत देख थाने पहुंचकर तहरीर दी। आरोप है कि घटना की गंभीरता के बावजूद पुलिस ने देर शाम तक न तो मुकदमा दर्ज किया और न ही घायल छात्र का चिकित्सकीय परीक्षण कराया, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई। इस बाबत थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जबकि खंड शिक्षाधिकारी गौतम प्रसाद ने कहा कि मुझे अभी तक इस तरह की किसी भी घटना की जानकारी ही नहीं है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *