• Fri. Aug 28th, 2026

    भाजपा नेता शिवांश प्रताप सिंह के पिता का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

    Share

    जौनपुर। शहर क्षेत्र से सटे केशवपुर गांव निवासी छात्र महासंघ, पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के पूर्व अध्यक्ष एवं भाजपा नेता शिवांश प्रताप सिंह के पिता का 26 अगस्त को निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने के कारण लोगों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया। श्री सिंह भूगर्भ जल विभाग से सेवानिवृत्त थे। नौकरी के दौरान अपने दायित्वों का निर्वहन करने के साथ ही वह सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहे। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका समाजसेवा से जुड़ाव बना रहा और जरूरतमंदों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहते थे। सरल स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण क्षेत्र में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी।

    पिता के निधन से गमगीन शिवांश प्रताप सिंह ने भावुक होकर कहा कि 26 अगस्त उनके जीवन का सबसे दुखद दिन रहा, जब उनके जीवन का सबसे बड़ा सहारा और पूज्य पिताजी हमेशा के लिए उनसे दूर हो गए। उन्होंने कहा कि पिता का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन हमेशा उनकी स्मृतियों में जीवित रहेगा। उन्होंने जीवन के हर मोड़ पर सही राह दिखाई, संघर्ष करना सिखाया और संस्कारों की अमूल्य धरोहर प्रदान की। उन्होंने कहा कि पिता का शरीर भले ही उनसे दूर हो गया है, लेकिन उनकी सीख, प्रेम और यादें हमेशा परिवार के दिलों में जीवित रहेंगी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।

    पिता को श्रद्धांजलि देते हुए शिवांश ने भावुक पंक्तियों में कहा

    जिस हाथ ने थामा था बचपन में मेरा हाथ,
    वही हाथ बनकर दिखाता था जीवन की राह।
    खुद धूप में जलकर हमें छांव देते रहे,
    अपने सपनों को छोड़ हमारे सपने सींचते रहे।

    उनके निधन पर क्षेत्र के सामाजिक, राजनीतिक एवं शिक्षण जगत से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई। लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *