
मदरसा बोर्ड परीक्षा 2027 के आवेदन 23 नवंबर से शुरू

मुंशी, मौलवी एवं आलिम परीक्षा के लिए 15 दिसंबर तक भरे जाएंगे आवेदन, चालान की अंतिम तिथि 10 दिसंबर
जौनपुर। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की ओर से वर्ष 2027 में आयोजित होने वाली मुंशी, मौलवी एवं आलिम परीक्षाओं के आवेदन की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर निर्धारित की गई है, जबकि चालान जमा करने की अंतिम तिथि 10 दिसंबर है।
जिला अल्पसंख्यक अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद, लखनऊ द्वारा अरबी एवं फारसी विषयों की मुंशी/मौलवी (सेकेण्डरी) तथा आलिम (सीनियर सेकेण्डरी) परीक्षाओं के आवेदन पत्र भरने के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
परीक्षा वर्ष 2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य संबंधित तिथियां निर्धारित समय-सारणी के अनुसार तय की गई हैं। परीक्षार्थियों एवं संबंधित मदरसों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है।







