
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चिकित्सक डॉ. लाल बहादुर सिद्धार्थ को भेजा विशेष संदेश

चिकित्सा सेवा और समर्पण की सराहना कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में योगदान देने का किया आह्वान
जौनपुर। जिले के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. लाल बहादुर सिद्धार्थ को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विशेष संदेश भेजकर उनके चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पण और योगदान की सराहना की है। मुख्यमंत्री की ओर से 2 अक्टूबर 2026 को लोक भवन, लखनऊ से भेजे गए इस संदेश में उन्होंने डॉ. सिद्धार्थ के स्वस्थ, सुखी और समृद्ध जीवन की कामना करते हुए उनके सेवा कार्यों की प्रशंसा की है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि भारतीय समाज में चिकित्सकों को भगवान का दूसरा रूप माना जाता है, क्योंकि वे अपने ज्ञान, कौशल और सेवाभाव से मरीजों को केवल उपचार ही नहीं देते, बल्कि उन्हें जीवन की नई उम्मीद भी प्रदान करते हैं। कोविड महामारी जैसी विषम परिस्थितियों में चिकित्सकों ने अपने जीवन की परवाह किए बिना लाखों नागरिकों की रक्षा की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार मजबूत और सर्वसुलभ स्वास्थ्य व्यवस्था के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का सुदृढ़ीकरण, आयुष्मान भारत योजना का प्रभावी क्रियान्वयन और चिकित्सा सुविधाओं का आधुनिकीकरण इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
मुख्यमंत्री ने डॉ. सिद्धार्थ से अपेक्षा जताई कि वे अपने ज्ञान, अनुभव और सेवाभाव से समाज की सेवा करते रहेंगे। विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री का यह संदेश मिलने पर डॉ. लाल बहादुर सिद्धार्थ के चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों और शुभचिंतकों में प्रसन्नता है। डॉ. सिद्धार्थ उमरपुर हरिबंधनपुर स्थित सिद्धार्थ हॉस्पिटल के माध्यम से चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।








