जौनपुर में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश

Share

14 महिला-पुरुष गिरफ्तार; चार बाइक, सोने की चेन और मोबाइल बरामद

भीड़भाड़ वाले बाजारों और मेलों में देते थे चोरी की वारदातों को अंजाम, महिलाएं काटती थीं महिलाओं के गले से चेन और मंगलसूत्र

जौनपुर। जनपद पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली, मछलीशहर और मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्रों से कुल 14 महिला-पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिल, पीली धातु की एक चेन, 8,180 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी बिहार के अलग-अलग जिलों के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी और अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के दिशा-निर्देशन में तीन थानों की पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर गिरोह का पर्दाफाश किया।

कोतवाली पुलिस ने आठ आरोपियों को पकड़ा

थाना कोतवाली पुलिस ने 5 नवंबर को कार्रवाई करते हुए पांच पुरुष और तीन महिलाओं समेत कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल, पीली धातु की एक चेन, 3,480 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद चेन थाना कोतवाली में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित है, जबकि एक मोटरसाइकिल गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित पाई गई। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा गया।

मछलीशहर में चार महिला-पुरुष गिरफ्तार

थाना मछलीशहर पुलिस ने 6 नवंबर को रात्रि गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रमा उर्फ सोस, अविनाश उर्फ विनाश, सरिता देवी और पिंकी के रूप में हुई है। ये बिहार के बक्सर और कैमूर जनपद के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और चोरी की चेन बेचकर प्राप्त किए गए 4,700 रुपये बरामद किए। इस मामले में थाना मछलीशहर में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।

मुंगराबादशाहपुर में दो बाइक चोर गिरफ्तार

थाना मुंगराबादशाहपुर पुलिस ने 6 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर बहोरिकपुर सड़क से दो आरोपियों सनी खरवार और टूना खरवार को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से सुजानगंज क्षेत्र से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई। पूछताछ और विवेचना के दौरान दो महिलाओं बिजंती और कासगी के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार इन दोनों की गिरफ्तारी अभी शेष है।

मेले और बाजारों में बनाते थे महिलाओं को निशाना

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे बिहार के रहने वाले हैं और अलग-अलग जनपदों में घूमकर काम-धंधा करते हैं। जहां भी मेला या भीड़भाड़ वाला स्थान मिलता था, वहां मौका पाकर मोटरसाइकिल चोरी कर लेते थे। गिरोह में शामिल महिलाएं बाजारों, कस्बों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं के गले से मंगलसूत्र और चेन काटकर चोरी करती थीं। चोरी किए गए आभूषण और मोटरसाइकिल बेचकर मिलने वाली रकम से गिरोह के सदस्य अपना खर्च चलाते थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

बिहार के विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के रोहतास, कैमूर और बक्सर जनपदों के निवासी शामिल हैं। तीनों थाना क्षेत्रों की कार्रवाई में कुल 14 महिला-पुरुष गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

SHARE THIS ARTICLE
ABOUT AUTHOR
Satyameva Jayate News
Satyameva Jayate News ✓
Satyameva Jayate News के लिए समाचार और विशेष रिपोर्ट प्रकाशित करते हैं।

🌤️ मौसम अपडेट

LIVE
मौसम की ताज़ा जानकारी लोड हो रही है…

🔮 आज का राशिफल

♈

मेष

आज का राशिफल लोड हो रहा है…

यह दैनिक राशिफल सामान्य ज्योतिषीय संकेतों पर आधारित है।

ताज़ा ख़बरें