
कृष्णा स्कूल ऑफ नर्सिंग में भव्य रूप से आयोजित हुआ ‘युवा संवाद’

डॉ. रॉबिन सिंह ने युवाओं को दिया राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का संदेश
जौनपुर। युवाओं में राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी एवं सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत, जौनपुर (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में कृष्णा स्कूल ऑफ नर्सिंग में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं, शिक्षकों एवं माय भारत के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. रॉबिन सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में युवा पीढ़ी की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। आज का युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और सकारात्मक सोच ही भारत को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है।
उन्होंने कहा कि युवा संवाद जैसे कार्यक्रम युवाओं को अपने विचार व्यक्त करने, देश की चुनौतियों को समझने और राष्ट्रहित में अपनी जिम्मेदारियों का एहसास करने का अवसर प्रदान करते हैं। युवाओं को केवल अपने व्यक्तिगत विकास तक सीमित न रहकर समाज और देश के विकास के लिए भी आगे आना चाहिए। शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, विज्ञान और तकनीक सहित प्रत्येक क्षेत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार बनेगी।
डॉ. सिंह ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने भीतर आत्मविश्वास, अनुशासन और सेवा भाव विकसित करें। उन्होंने कहा कि देश में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए हर युवा को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। छोटे-छोटे प्रयास भी सामूहिक रूप से बड़े सामाजिक बदलाव का आधार बन सकते हैं।
कार्यक्रम में यूथ आइकॉन आशीष सोनी ने SIR के संबंध में युवाओं को जागरूक किया। उन्होंने इसकी प्रक्रिया एवं महत्व की जानकारी देते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की जागरूकता और सहभागिता को आवश्यक बताया।
कार्यक्रम का सफल संचालन माय भारत वॉलंटियर सुमित सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक अध्यापिका चांदनी असलम ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पवन सिंह (मैनेजर), प्रदीप मौर्य, स्नेहा मिश्रा, उत्कर्ष तिवारी, रॉबिन यादव, अंगद यादव सहित कृष्णा स्कूल ऑफ नर्सिंग के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारीगण, माय भारत के स्वयंसेवक तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण, सामाजिक सहभागिता और सकारात्मक बदलाव की भावना को मजबूत करने के संदेश के साथ हुआ। ‘युवा संवाद’ ने युवाओं को यह प्रेरणा दी कि विकसित भारत का सपना केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक युवा की सामूहिक जिम्मेदारी और संकल्प है।






