
आईआईटी गुवाहाटी में पूर्वांचल विश्वविद्यालय के छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के बीटेक इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी के छात्र अंकित तिवारी और पीयूष मौर्य ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), गुवाहाटी में आयोजित हैकाथॉन में प्रतिभाग कर अपनी तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय लौटने पर कुलपति कार्यालय में गुरुवार को कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई दी उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी निरंतर अपने तकनीकी कौशल को विकसित करते रहें और नई तकनीकों को सीखकर नवाचार की दिशा में आगे बढ़ें। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को ऐसे अवसरों पर निरंतर सहयोग प्रदान करता रहेगा।
दोनों विद्यार्थियों ने आईआईटी गुवाहाटी में आयोजित हैकयार्ड हैकाथॉन में भाग लिया और सहभागिता का प्रमाणपत्र प्राप्त किया। इसके साथ ही उन्होंने कार्यक्रम के दौरान आयोजित एजेंट-37 प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने एक वेबसाइट विकसित की, जिसके माध्यम से उन्होंने अपनी तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच और वेबसाइट निर्माण की क्षमता का प्रदर्शन किया। उनकी सहभागिता के लिए उन्हें एजेंट-37 की टी-शर्ट भी प्रदान की गई।
विद्यार्थियों ने बताया कि आईआईटी गुवाहाटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में आयोजित तकनीकी प्रतियोगिताओं में भाग लेना हमारे लिए सीखने और अपने कौशल को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर रहा। इस अनुभव से उन्हें परियोजना विकास, टीम भावना, समस्या समाधान और नवाचार के क्षेत्र में व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई।








