
जौनपुर के डॉ. आरएन त्रिपाठी बने चित्रकूट दिव्यांग विश्वविद्यालय के कुलपति

टीडी कॉलेज में समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष से बीएचयू तक का रहा सफर, तीन वर्ष के लिए मिली जिम्मेदारी
जौनपुर। जनपद की बदलापुर तहसील के बुढ़नेपुर गांव निवासी डॉ. आरएन त्रिपाठी को चित्रकूट स्थित जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश शासन ने 28 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में कार्यालय ज्ञाप जारी कर उनकी नियुक्ति पर मुहर लगा दी। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में सेवारत डॉ. त्रिपाठी को पदभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष के लिए कुलपति नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से जौनपुर का नाम एक बार फिर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में चर्चा में आ गया है।
डॉ. आरएन त्रिपाठी का शैक्षणिक सफर जौनपुर के प्रतिष्ठित तिलकधारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय (टीडी पीजी कॉलेज) से जुड़ा रहा है। वह वर्ष 2015 तक महाविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग में विभागाध्यक्ष के रूप में कार्यरत रहे। इसके बाद उनकी नियुक्ति बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में हुई, जहां वह वर्तमान में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। टीडी कॉलेज से शैक्षणिक यात्रा शुरू कर देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों तक पहुंचने का उनका सफर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
डॉ. त्रिपाठी का अनुभव अध्यापन और विभागीय जिम्मेदारियों तक ही सीमित नहीं रहा है। वह उच्च शिक्षा आयोग और लोक सेवा आयोग के सदस्य भी रह चुके हैं। इन संस्थाओं में रहते हुए उन्होंने उच्च शिक्षा और चयन प्रक्रिया से जुड़े कार्यों में भूमिका निभाई। विश्वविद्यालय में अध्यापन, विभागाध्यक्ष के रूप में अनुभव और आयोगों में जिम्मेदारी निभाने के बाद अब उन्हें राज्य विश्वविद्यालय के शीर्ष शैक्षणिक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उनकी इस नियुक्ति को जौनपुर के शैक्षणिक क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
स्वास्थ्य योजनाओं की धीमी प्रगति पर सीडीओ सख्त, एक सप्ताह में हेल्थ एटीएम चालू करने के निर्देश







