
सपही गांव में 26 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र की ग्राम सभा सपही में शनिवार को 26 वर्षीय विवाहिता ज्योति देवी ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, ज्योति देवी का विवाह करीब सात वर्ष पहले गुड्डू कन्नौजिया से हुआ था। उनकी चार वर्ष की एक बेटी है। पति गुड्डू काम के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। ज्योति देवी सुरियावां थाना क्षेत्र के मांगुरा गांव निवासी गुलाब धर कन्नौजिया की बेटी थीं।
बताया गया कि ज्योति देवी ने घर में पंखे के सहारे धोती से फांसी लगा ली। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। इसके बाद डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
रामपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








