
शीतला चौकियां धाम में गैस सिलेंडर में लगी आग, दर्शनार्थियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

समय रहते मिट्टी डालकर बुझाई आग, कोई जनहानि नहीं
चौकियां धाम, जौनपुर। मां शीतला चौकियां धाम के महंगुपुर क्षेत्र में बुधवार को भोजन बनाते समय एक दर्शनार्थी के गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। सिलेंडर में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, आसपास मौजूद दर्शनार्थियों की सूझबूझ और तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर रोहनिया, जलालपुर निवासी घनश्याम अपने परिवार के साथ बस से मां शीतला चौकियां धाम में दर्शन-पूजन करने पहुंचे थे। दर्शन के बाद सड़क किनारे कई अन्य श्रद्धालुओं के साथ वे छोटे गैस सिलेंडर पर भोजन बना रहे थे। इसी दौरान गैस रिसाव के कारण उनके सिलेंडर में अचानक आग लग गई।
सिलेंडर को आग की लपटों में घिरा देखकर श्रद्धालुओं और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घनश्याम ने जलते सिलेंडर को सड़क पर रख दिया। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सिलेंडर पर मिट्टी डालकर आग बुझा दी। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। श्रद्धालुओं की सतर्कता से समय रहते स्थिति नियंत्रित हो गई और किसी बड़े हादसे से बचाव हो गया।







