
टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलटी टाटा पिकअप, चालक बाल-बाल बचा

जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के औरा गड़ईपुल के पास टायर फटने से एक टाटा पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में चालक गुलाबचंद यादव बाल-बाल बच गए। उन्हें हल्की चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, टाटा पिकअप संख्या यूपी 62 सीटी 8860 जौनपुर से दोना-पत्तल लादकर तेज रफ्तार में भदोही की ओर जा रही थी। औरा गड़ईपुल के पास अचानक वाहन का टायर फट गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को वाहन से बाहर निकाला। गनीमत रही कि दुर्घटना में चालक को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलने पर जमालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाने की कार्रवाई में जुट गई।







