
जौनपुर में अजय राय का भाजपा सरकार पर हमला, SIR में विपक्षी समर्थकों के वोट काटने का लगाया आरोप

जौनपुर। नगर के इंग्लिश क्लब मैदान में कांग्रेस नेता विकेश उपाध्याय विक्की की ओर से आयोजित जॉब फेयर में पहुंचे कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और दिल्ली में जारी विरोध-प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाए।
अजय राय ने आरोप लगाया कि SIR की आड़ में विपक्षी दलों के समर्थकों के नाम मतदाता सूची से काटे गए, जिसका फायदा भाजपा को चुनाव में मिला। उन्होंने इसे निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया। हालांकि, ये आरोप उनके द्वारा लगाए गए हैं।
दिल्ली में जनता के विरोध-प्रदर्शन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों के आवागमन पर रोक लगाई गई और जंतर-मंतर जाने वाले रास्तों को सील कर दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर जनता को अपनी बात रखने से क्यों रोका जा रहा है? अजय राय ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सुनना और उसे विरोध दर्ज कराने का अवसर देना जरूरी है।
स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव में कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी नहीं उतारे जाने के सवाल पर अजय राय ने कहा कि उन्होंने चुनाव की तैयारी की थी, लेकिन प्रत्याशी उतारने या नहीं उतारने का फैसला पार्टी का है। जॉब फेयर के दौरान रोजगार के अवसरों के साथ प्रदेश और केंद्र की राजनीति भी चर्चा का प्रमुख विषय रही।








