विद्यार्थी अपनी प्रतिभा से पीयू का मान बढ़ाएँ : कुलपति

Share

रसायन विज्ञान विभाग में ‘केम फेस्ट 2026’ का भव्य आयोजन

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के रसायन विज्ञान विभाग की केमिकल कम्युनिकेशन सोसाइटी द्वारा एमएससी रसायन विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए ‘केम फेस्ट 2026’ का आयोजन किया गया। इस वर्ष के केम फेस्ट की थीम “ विज्ञान और कल्पनाशीलता का संगम ” रही। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, नवाचार एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे कक्षाओं एवं विश्वविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का सदुपयोग करते हुए अपनी प्रतिभा और कौशल से विश्वविद्यालय का मान बढ़ाएँ। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने, प्रयोगात्मक ज्ञान को बढ़ावा देने तथा अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में अच्छे वैज्ञानिक, सफल उद्यमी और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) भौतिक विज्ञान अध्ययन एवं शोध संस्थान के निदेशक प्रो. मिथिलेश सिंह एवं रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार ने कुलपति का स्वागत किया। इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विज्ञान शिक्षा के साथ रचनात्मकता, नवाचार एवं कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।

रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार ने विद्यार्थियों को संस्थान एवं विश्वविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं और वैज्ञानिक उपकरणों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से इन सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करते हुए अपने व्यावहारिक ज्ञान, प्रयोगात्मक दक्षता एवं शोध क्षमता को विकसित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर डॉ. नितेश जायसवाल ने विद्यार्थियों को रसायन विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध व्यापक संभावनाओं एवं रोजगार के विविध अवसरों से अवगत कराया। उन्होंने शोध एवं विकास, औद्योगिक रसायन विज्ञान, औषधि निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, हरित रसायन, उत्प्रेरण, सामग्री विज्ञान तथा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ प्रयोगात्मक दक्षता, शोध अभिरुचि और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

केम फेस्ट 2026 के अंतर्गत विभिन्न तकनीकी एवं सांस्कृतिक गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, रचनात्मकता, कलात्मक अभिरुचि, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला। इस आयोजन ने विज्ञान को पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखते हुए उसे कल्पनाशीलता, प्रयोग एवं व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का सार्थक प्रयास किया।

कार्यक्रम में विभाग के शिक्षक डॉ. अजीत सिंह, डॉ. दिनेश कुमार वर्मा, डॉ. विजय शंकर पांडेय एवं डॉ. नीरज अवस्थी, डॉ. आशीष वर्मा सहित अन्य शिक्षक एवं संबंधित सदस्य उपस्थित रहे।

SHARE THIS ARTICLE
ABOUT AUTHOR
Satyameva Jayate News
Satyameva Jayate News ✓
Satyameva Jayate News के लिए समाचार और विशेष रिपोर्ट प्रकाशित करते हैं।

🌤️ मौसम अपडेट

LIVE
मौसम की ताज़ा जानकारी लोड हो रही है…

🔮 आज का राशिफल

♈

मेष

आज का राशिफल लोड हो रहा है…

यह दैनिक राशिफल सामान्य ज्योतिषीय संकेतों पर आधारित है।

ताज़ा ख़बरें