
खुटहन में गोवध के लिए गोवंश ले जा रहे तीन आरोपी गिरफ्तार, दो गाय बरामद

जौनपुर। खुटहन थाना पुलिस ने गोवध के लिए गोवंश ले जाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो गाय, एक बोलेरो वाहन, तीन मोबाइल फोन, रस्सी के दो टुकड़े और 810 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपियों को 10 अक्टूबर को शेरपुर पथरा ईंट-भट्ठा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पट्टी नरेंद्रपुर की ओर से बोलेरो में गोवंश को क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाया जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान वाहन सवारों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुटहन क्षेत्र के मैदासपट्टी निवासी सोहनलाल यादव और साहबलाल यादव तथा आजमगढ़ के फूलपुर थाना क्षेत्र स्थित गन्डी गांव निवासी शुभम यादव के रूप में हुई है।
पुलिस ने बोलेरो संख्या यूपी 63 एल 6400 से दो गाय बरामद कीं। इस मामले में खुटहन थाने में गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, सोहनलाल और साहबलाल के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।








