
आईजीआरएस शिकायतों में लापरवाही पर सख्त हुए डीएम

बिजली विभाग के अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा बैठक हुई। इसमें डीएम ने सभी विभागों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए जरूरत पड़ने पर उसकी उपस्थिति में निस्तारण की कार्रवाई की जाए, ताकि शिकायतों के संबंध में नकारात्मक प्रतिक्रिया न मिले।
यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 का कार्यक्रम जारी, पांच फरवरी से शुरू होंगी हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएंसमीक्षा के दौरान विद्युत विभाग में सबसे अधिक असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों का वेतन बाधित करने और स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग और राजस्व विभाग में भी बड़ी संख्या में असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया। डीएम ने सभी विभागों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने और शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरतने को कहा। बैठक में अधिकारियों की ओर से अपलोड की गई रिपोर्ट और निस्तारण आख्या की समीक्षा कर कमियों की जानकारी दी गई तथा सुधार के सुझाव दिए गए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।







