
आकांक्षी विकास खंडों की योजनाओं की नोडल अधिकारियों ने की समीक्षा

रामपुर और मछलीशहर में योजनाओं की प्रगति और भौतिक सत्यापन को लेकर हुई बैठक
जौनपुर। प्रदेश के आकांक्षी विकास खंडों की प्रगति की समीक्षा एवं योजनाओं के भौतिक सत्यापन के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन की उपस्थिति में शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारियों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ रामपुर और मछलीशहर विकास खंडों में संचालित योजनाओं की समीक्षा की।
आकांक्षी विकास खंड रामपुर के लिए नामित राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी प्रेम प्रकाश, आईएएस, सदस्य (न्यायिक), राजस्व परिषद, प्रयागराज तथा मछलीशहर के नोडल अधिकारी रघुवीर, आईएएस, विशेष सचिव, उत्तर प्रदेश सरकार ने विभागवार प्रगति की जानकारी ली।
बैठक में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि, आधारभूत सुविधाओं, वित्तीय समावेशन सहित विभिन्न निर्धारित सूचकांकों की समीक्षा की गई। नोडल अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का प्रभावी लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों और सुझावों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








