
पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए चलेगा विशेष अभियान

जौनपुर, 5 अक्टूबर। उप जिला निर्वाचन अधिकारी जौनपुर ने बताया कि उत्तर प्रदेश में ईपी रेशियो एवं जेंडर रेशियो मानक से कम है, जिसे बढ़ाने के लिए निरंतर पुनरीक्षण अवधि में विभिन्न विभागों के सहयोग से विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य ‘कोई मतदाता न छूटे’ के तहत सभी पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत नाम मतदाता सूची में शामिल करना है।
अर्ह युवा और छूटे मतदाताओं पर रहेगा जोर
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर चल रहे निरंतर पुनरीक्षण-2026 के दौरान ईपी रेशियो एवं जेंडर रेशियो बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। अभियान के तहत अर्ह युवा, छूटे हुए मतदाता, पहली बार मतदाता बनने के पात्र नागरिक, बेघर, दिव्यांग और महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रहे।
विभिन्न विभागों का लिया जाएगा सहयोग
मतदाता सूची को अधिक समावेशी बनाने के लिए महिला कल्याण, उच्च शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, चिकित्सा, दिव्यांगजन, ग्राम्य विकास और युवा कल्याण समेत विभिन्न विभागों का सहयोग लिया जाएगा। संबंधित विभाग पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जागरूकता और आवश्यक कार्रवाई में सहयोग करेंगे।
ऑनलाइन भी जमा कर सकते हैं आवेदन
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है, वे निरंतर पुनरीक्षण-2026 के तहत ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप, Voter Helpline ऐप और वेबसाइट के माध्यम से फॉर्म-6, फॉर्म-8 एवं फॉर्म-7 जमा किया जा सकता है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें और पात्र होने पर आवश्यक आवेदन करें।








