
सपा का PDA ढकोसला, मुस्लिम समाज के साथ हमेशा हुआ विश्वासघात: इमरान बंटी

जौनपुर। हिन्दी भवन सभागार में एआईएमआईएम का जिला स्तरीय कार्यकर्ता संवाद सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष इमरान बंटी ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा का PDA ढकोसला है। PDA के ‘ए’ यानी अल्पसंख्यक के साथ समाजवादी पार्टी ने हमेशा विश्वासघात किया है।
इमरान बंटी ने कहा कि मुस्लिम समाज ने मुलायम सिंह यादव से लेकर अखिलेश यादव तक को मुख्यमंत्री बनाने के लिए तन-मन और धन से योगदान दिया, लेकिन समाजवादी पार्टी की सरकार में मुस्लिम समाज को मुजफ्फरनगर का दंगा मिला। उन्होंने कहा कि सपा और भारतीय जनता पार्टी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। भाजपा देशभर में मुसलमानों का डर दिखाकर पिछड़ों और दलितों का वोट हासिल करती है, जबकि सपा मुस्लिम समाज में भाजपा का डर दिखाकर वोट लेती है। दोनों पार्टियां डर की राजनीति करती हैं।
उन्होंने कहा कि जिस दिन देश से भाजपा खत्म होगी, उसी दिन उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी भी खत्म हो जाएगी। दोनों दल एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने बताया कि एआईएमआईएम जौनपुर की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। यदि किसी दल से गठबंधन होता है तो पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश के अनुसार चुनाव लड़ा जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए मेहनत कर रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में एआईएमआईएम बड़ी सफलता हासिल करेगी। सम्मेलन को पूर्वांचल संयुक्त सचिव अभयराज भारती, जिला महासचिव शाहनेयाज अहमद, जिला सचिव केडी अंसारी, मजनू राम गौतम, जिला संयुक्त सचिव शमशाद आलम, जिला कोषाध्यक्ष कलीम हाशमी, मुंगरा विधानसभा अध्यक्ष शाह आलम, मड़ियाहूं विधानसभा अध्यक्ष जुनैद हाशमी शाहजमन, शाहगंज युवा अध्यक्ष कमलेश गौतम और केराकत नगर अध्यक्ष कमलेश गौतम ने संबोधित किया।
सम्मेलन का संचालन विधानसभा महासचिव मो. कासिम ने किया। इस दौरान जिला सचिव कामरान अहमद, मो. अकरम, शाहगंज नगर अध्यक्ष वकील अहमद, जफराबाद विधानसभा अध्यक्ष मुस्ताक हाशमी, सभासद अतीक अहमद, जिला पंचायत सदस्य कमालुद्दीन, अशहब सिद्दीकी, हुजैफा खान, जाबिर, गुलशाद, एजाज, दिलशाद, आजाद, नसीम, परवेज और आजाद खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।








