
जौनपुर के 2217 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हुई हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, 27 हजार से अधिक बच्चों ने लिया हिस्सा

जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत 25 सितंबर को जिले के 2217 आंगनबाड़ी केंद्रों पर हेल्दी बेबी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 27,110 बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रत्येक केंद्र से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 6651 बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
पुरस्कार के रूप में बच्चों को लंच बॉक्स, बैग, वाटर बॉटल, पेंसिल, किताब सहित अन्य सामग्री प्रदान की गई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों के प्रमाण पत्र पोर्टल से जनरेट होने के बाद वितरित किए जाएंगे।
यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 का कार्यक्रम जारी, पांच फरवरी से शुरू होंगी हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएंस्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता के प्रति अभिभावकों को जागरूक करना तथा स्वस्थ और सुपोषित बच्चों को प्रोत्साहित करना रहा। आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों का चयन स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और शारीरिक विकास से संबंधित विभिन्न मानकों के आधार पर किया गया। विजेता बच्चों को पुरस्कृत करने के साथ उनकी माताओं को भी सम्मानित किया गया।
माताओं को दी गई जरूरी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने माताओं को बच्चों के संतुलित एवं पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और साफ-सफाई के बारे में जानकारी दी। माताओं को बच्चों के दैनिक खान-पान में स्थानीय और पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों में हाथ धोने की आदत विकसित करने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, साफ कपड़े पहनाने और आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने पर भी जोर दिया गया।
वजन और लंबाई की नियमित निगरानी की अपील
माताओं को बच्चों के वजन और लंबाई की नियमित निगरानी कराने की सलाह दी गई। बच्चों की वृद्धि में किसी प्रकार की कमी या असामान्यता दिखाई देने पर समय से स्वास्थ्य सेवाओं से संपर्क करने के लिए भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में अभिभावकों से बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों से उपलब्ध सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की गई।








